कोरंडम खदान को लेकर बीजेपी पर कांग्रेस का आरोप, प्राकृतिक संसाधनों की लूट के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी -

Naveen Kumar Latkar
0


नवीन कुमार लाटकर / बीजापुर जिला मुख्यालय में मंगलवार को विधायक विक्रम मंडावी ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला.विक्रम मंडावी ने आरोप लगाए कि मौजूदा सरकार बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों को लूट रही है. भाजपा के सत्ता में आते ही बस्तर का लोहा, टिन, जल, जंगल, जमीन और अब कोरंडम जैसे बेशकीमती संसाधनों को अपने उद्योगपति मित्रों के हवाले करने का घिनौना खेल शुरू हो गया है.
कोरंडम खदान को लेकर बड़ा खुलासा : विक्रम मंडावी ने बीजापुर जिले के भोपालपटनम ब्लॉक के ग्राम कुचनूर में स्थित कोरंडम खदान को लेकर सनसनीखेज खुलासा किया.उन्होंने कहा कि यह खदान वर्षों से बंद थी, लेकिन बीजेपी सरकार ने सत्ता संभालते ही इसे अपने चहेते उद्योगपतियों को सौंपने की साजिश रच डाली. हाल के दिनों में कुचनूर कोरंडम खदान में गुपचुप तरीके से जंगल की साफ-सफाई शुरू कर दी गई है, जो इस लूट का स्पष्ट प्रमाण है.

भोपालपटनम के कुचनूर कोरंडम खदान में सरकार के इशारे पर बीजापुर के बीजेपी नेता संजय लुंकड़ पेड़ों की कटाई कर रहे हैं. विक्रम मंडावी ने मांग की है कि बीजेपी तत्काल संजय लुंकड़ की भूमिका को स्पष्ट करे, वरना जनता इसे उनकी मिलीभगत मानेगी. विधायक विक्रम मंडावी ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार कायदे कानून को ताक पर रखकर अपने नेताओं से कोरंडम खदान में अवैध उत्खनन का काम करवा रही है -विक्रम मंडावी, कांग्रेस विधायक

विक्रम मंडावी ने मौजूदा सरकार से पूछे सवाल

1. कोरंडम खदान को चोरी-छिपे शुरू करने की साजिश क्यों रची जा रही है?
2. कुचनूर कोरंडम खदान का ठेका किसे सौंपा गया है?
3. खदान में अवैध रूप से काम कौन कर रहा है?
4. क्या पर्यावरण और वन विभाग से खदान शुरू करने की अनुमति ली गई है?
5. हजारों पेड़ों की कटाई की इजाजत किसने दी?
6. इस लूट में भाजपा नेताओं की क्या भूमिका है?
7. बीजापुर के किस भाजपा नेता के इशारे पर जंगल साफ किया जा रहा है?
8. रायपुर के कैलाश चंद्र अग्रवाल कौन हैं और उनका भाजपा से क्या रिश्ता है?
9. स्थानीय प्रशासन को इस लूट की जानकारी क्यों नहीं दी गई? 3 वर्षो से बंद पड़े कोरंडम खदान को पुनः प्रारम्भ करने के पीछे की मंशा क्या है?
10. अब इस कोरंडम खदान को किसके द्वारा पुनः प्रारम्भ किया जा रहा है। इसकी एजेंसी कौन है?
11. यदि इस कोरंडम खदान का निजीकरण किया जा रहा है तो इसकी प्रक्रिया क्या होगी?
12. यह खदान जिस ग्राम पंचायत या नगर पंचायत के क्षेत्राधिकार में आता है क्या उसका अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया गया है?
13. बंद पड़े इस कोरंडम खदान को पुनः प्रारम्भ करने के लिए क्या क्षेत्रवासियो के सुझाव, सहमति, एवं आपत्तियाँ प्राप्त कर इन का निराकरण कर लिया गया है?
14. ⁠क्या कोरंडम उत्खनन के लिए पंचायत अधिनियम और पेसा कानून का पालन किया जा रहा है ?


विक्रम मंडावी ने कहा कि भाजपा की नीति हमेशा से जनविरोधी और उद्योगपति हितैषी रही है. बस्तर की प्राकृतिक संपदा को लूटने की इस साजिश को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी.इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी और भाजपा की इस लूट के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी.
Tags

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)