पामेड़ में लगा सुशासन का समाधान शिविर: बीजापुर के पामेड़ में समाधान शिविर का आयोजन किया गया. क्षेत्र के सात ग्राम पंचायतों के 50 से अधिक गांवों के हजारों हितग्राहियों को छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की नई ब्रांच के खुलने से फायदा मिलेगा. विष्णु देव साय ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान वर्चुअली जुड़कर पामेड़ क्षेत्र को बहुत बड़ी सौगात दी. उन्होंने पामेड़ में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक नवीन शाखा का शुभारंभ कर क्षेत्र वासियों को शुभकामनाएं दी.
बैंक खुलने से लोगों को होगा फायदा: 50 से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों को केन्द्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का समुचित लाभ मिले इसलिए पामेड़ में बैंक खोला गया है. पहले लोगों को महतारी वंदन योजना, पीएम आवास योजना, तेंदुपत्ता योजना और पेंशन के लिए आवापल्ली जाना पड़ता था. इसके अलावा उन्हें तेलंगाना के चेरला जाना पड़ता था. जिससे योजनाओं का लाभ मिलने में दिक्कत होती थी. अब बैंकिंग सुविधा का विस्तार होने से लोगों को सरकारी योजनाओं का फायदा मिलेगा.
पामेड़ क्षेत्र का हो रहा विकास: पामेड़ बीजापुर का अत्यंत सुदूर क्षेत्र है. यहां पहुंचने के लिए तेलंगाना के चेरला होते हुए 200 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था. अब इस क्षेत्र में सड़कों का निर्माण किया गया है. यहां नियद नेल्लानार योजना के जरिए लगातार पुलिस सुरक्षा कैम्प स्थापित कर आवापल्ली,तर्रेम ,गुण्डम,चुटवाही और कोण्डापल्ली एरिया तक में सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. जिससे लोगों को यातायात की सुविधा मिल रही है.
पामेड़ में बैंकिंग और संचार सुविधाओं का हो रहा विकास: मोबाइल नेटवर्क की सुविधा क्षेत्र को मिली है. ऐसे में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार यहां की जरूरत बन गई थी. बैंक खुलने से लोगों को अब हर तरह की सुविधा मिलेगी. इसके साथ साथ लोगों को मोबाइल सेवा का भी फायदा मिलेगा. संचार सुविधाओं का विकास होने और बैंक होने से लोगों को बचत खाता, चालू खाता,ऋण सुविधा, केसीसी,एसएचजी ऋण,छोटे और लघु उद्यमियों को ऋण और मोबाइल बैंकिंग का फायदा लोगों को मिलेगा.
