3 दिन से Bijapur का जांबाज पत्रकार मुकेश चंद्राकर लापता, मोबाइल भी बंद, अपनी जान पर खेलकर बचाई है जवानों की जान

Naveen Kumar Latkar
0

नवीन कुमार लाटकर / बीजापुर: नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के जांबाज पत्रकार मुकेश चंद्राकर बीते तीन दिनों से लपता हैं. उनका मोबाइल भी बंद है. 1 जनवरी की शाम जब पूरा देश नए साल के स्वागत का जश्न मना रहा था. उस समय हर मुद्दे को बेबाकी से दिखाने वाले और कई बार अपनी जान की बिना परवाह किए हुए नक्सलियों के चंगुल से जवानों को बचाने वाले पत्रकार मुकेश चंद्राकर अचानक गायब हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने अपहरण की आशंका जताई है. IG सुंदरराज पी ने भी जांच तेज कर दी है.

पत्रकार मुकेश चंद्राकर लापता

मुकेश चंद्राकर Vistaar News के रिपोर्टर यूकेश चंद्राकर के भाई हैं. 1 जनवरी 2025 की शाम युकेश और मुकेश दोनों भाईयों की बात हुई. इसके बाद यूकेश अपने कमरे में चला गया. अगले दिन जब मुकेश के कमरे में जाकर देखा तो मुकेश वहां नहीं था. उसका मोबाइल भी बंद था. घर के बाहर देखा तो उसकी गाड़ी वहीं खड़ी हुई थी. बड़े भाई और दोस्तों ने आसपास के लोगों से पूछा. दूसरे पत्रकार साथियों से भी पता किया.

दिन भर ढूंढते रहे सब लोग

सुबह से शाम तक हर जगह तलाशने के बाद भी जब यूकेश को अपने भाई मुकेश के बारे में कोई भी जानकारी हाथ नहीं लगी तो यूकेश ने थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई. मुकेश चंद्राकर अपनी तेज-तर्रार रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है. साथ ही मुकेश ने कई बार अपनी जान पर खेल कर रिपोर्टिंग की है. उन्होंने कई बार नक्सलियों की कैद से जवानों को छुड़ाकर लाया है.

बीजापुर पहुंचने वाले देश के पत्रकार खाते थे मुकेश के हाथों का खाना

मुकेश किस संस्थान में काम करते हैं और उन्हें कितने सालों का एक्सपीरियंस है यह बिल्कुर भी मैटर नहीं करता है. मुकेश की तेज-तर्रार रिपोर्टिंग के साथ-साथ उनकी पहचान यह थी कि देश का कोई भी पत्रकार अगर बीजापुर रिपोर्टिंग करने पहुंचता तो उसका ठिकाना मुकेश चंद्राकर का घर ही होता है. शायद ही ऐसा कोई पत्रकार है, जो बीजापुर जाए और उसने मुकेश के हाथ से बना हुआ खाना ना खाया हो.

पत्रकार यूकेश ने लगाई मदद की गुहार

अपने भाई की गुमशुदगी पर Vistaar News के पत्रकार यूकेश चंद्राकर ने लोगों से मदद की बात कही है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘अपने-अपने स्तर पर सभी लोग मेरे भाई मुकेश चंद्राकर के बारे में पता लगाने की कोशिश करें प्लीज. मेरे भाई ने बहुत सारे लोगों की बहुत बड़ी-बड़ी मदद की है बिना किसी लालच के. हां, हो सकता है मानव की प्रकृति है कि कहीं किसी से तू-तू मैं-मैं हुई होगी निस्संदेह ! लेकिन मेरा भाई कभी किसी का बुरा नहीं सोचता है. मेरे भाई को ढूंढने में मदद करें, कृपया सभी लोग आगे आकर साथ दें प्लीज.’

तलाश में जुटी पुलिस 

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पत्रकार मुकेश चंद्राकर के तलाशी तेज कर दी है. इस मामले में जानकारी देते हुए बस्तर IG सुंदरराज पी ने बताया कि पुलिस ने मुकेश के मोबाइल की लास्ट लोकेशन भी ट्रेस की है. साथ ही आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले हैं, जिसमें मुकेश नजर आया है. इसके आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है. मुकेश ने आखिरी बार जिन लोगों से बात की उनसे भी पूछताछ की जा रही है.

Tags

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)